प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

25 हजार लीटर डीजल जब्त

चंदौली में अवैध डीजल कारोबार का भंडाफोड़, टैंकर से 25 हजार लीटर डीजल बरामद और एक गिरफ्तार

चंदौली पुलिस ने अवैध डीजल कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा टैंकर पकड़ा है।

चंदौली में अवैध डीजल कारोबार का भंडाफोड़ टैंकर से 25 हजार लीटर डीजल बरामद और एक गिरफ्तार

पकड़ा गया ट्रक |

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। पुलिस ने अवैध डीजल कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा एक टैंकर पकड़ा है। पुलिस ने मौके से टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में भी 13,986 लीटर डीजल का अंतर और गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एनएच-2 हाईवे स्थित नवीन मंडी परिसर के पास कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंदौली थाना पुलिस ने एनएच-2 हाईवे स्थित नवीन मंडी परिसर के पास कार्रवाई की। इस दौरान महाराष्ट्र नंबर के टैंकर (MH 43 AF 3359) को रोककर जांच की गई। टैंकर में 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल भरा हुआ था। जांच में डीजल के परिवहन से संबंधित कूटरचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल के इस्तेमाल का मामला सामने आया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।

स्टॉक रजिस्टर में मिली 13,986 लीटर की गड़बड़ी

पुलिस की विस्तृत जांच में मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर नामक पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में 13,986 लीटर डीजल का अंतर पाया गया। इसके बाद मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की गई। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में चंदौली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 में सात नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।

प्रयागराज का रहने वाला है गिरफ्तार चालक

गिरफ्तार चालक की पहचान अवधेश कुमार पुत्र राम सजीवन, निवासी देवगलपुर, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद अन्य छह आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीजल की आपूर्ति, परिवहन, संबंधित फर्म और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंदौली, हाईवे मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मार्कण्डेय सिंह, हेड कांस्टेबल सागर यादव, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और सीसीटीएनएस कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। 

यह भी पढ़ेंः हाथरस में खेत से मिला लोडर ट्रैक्टर चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Related to this topic: