चंदौली में पुलिस ने गौ तस्करी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनीष सिंह को वाराणसी स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। रविवार को सैयदराजा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गौ तस्करी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को उसके वाराणसी स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनीष सिंह (39) पुत्र रामजीत सिंह, निवासी शिवरामपुर कला, थाना केराकत, जौनपुर और हाल पता बेलवा बाबा लमही, थाना लालपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
हाईवे से खेतों की ओर वाहन लेकर फरार
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को सैयदराजा पुलिस कस्बा जमानिया तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एनएच-02 स्थित भतीजा मोड़ कट के पास चेकिंग की गई। चंदौली की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक हाईवे से खेतों की ओर वाहन लेकर फरार हो गया।
तलाशी में रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे मिले आठ गोवंश
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे आठ गोवंश मिले। इनमें छह जीवित और दो मृत थे। इस मामले में वाहन स्वामी रामजीत सिंह और अज्ञात चालक के खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मनीष सिंह बरामद पिकअप के पंजीकृत वाहन स्वामी रामजीत सिंह का पुत्र है। पूछताछ में उसने बताया कि पुलिस चेकिंग देखकर वह गोवंश लदे वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव तथा स्वाट-सर्विलांस टीम के निरीक्षक राम जन्म यादव, उप निरीक्षक आशीष मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: मुरैना में पुलिस से बचकर भाग रहे रेत भरे ट्रैक्टर ने कार को 50 मीटर तक घसीटा, CCTV वायरल