बदलते मौसम और बढ़ती उमस का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
चंदौली {उत्तर प्रदेश}: बदलते मौसम और बढ़ती उमस का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
सर्दी-खांसी और बुखार के मामले ज्यादा
अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। इसके अलावा गर्मी और उमस के कारण त्वचा संबंधी रोगों के मामलों में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर ज्यादा असर
चिकित्सकों के मुताबिक, अस्पताल में आने वाले मरीजों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। मौसम में बदलाव का असर इन वर्गों पर ज्यादा देखने को मिल रहा है।
संक्रमण फैलने का संवेदनशील समय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम परिवर्तन के दौरान संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे समय में लोग आसानी से वायरल और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए सतर्कता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। बाहर जाने पर छाता, टोपी और धूप का चश्मा इस्तेमाल करें। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
लक्षण दिखें तो तुरंत लें सलाह
चिकित्सकों ने अपील की है कि बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी या त्वचा संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। समय रहते डॉक्टर से परामर्श लेने पर बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
यह भी पढ़े: रायबरेली: सर्राफा व्यापारी से बड़ी लूट