मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इसकी आंतरिक जांच कराई गई, तो इन पुलिसकर्मियों की गिरोह से संलिप्तता और जांच में घोर लापरवाही बरतने की पुष्टि हुई।
कोरबा: डीजल चोर गिरोह से सांठगांठ रखने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी ने एक बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर कुल 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कड़े फैसले से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के सरगना नवीन कश्यप और उसके साथियों के साथ कुछ पुलिसकर्मियों के लगातार संपर्क में रहने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इसकी आंतरिक जांच कराई गई, तो इन पुलिसकर्मियों की गिरोह से संलिप्तता और जांच में घोर लापरवाही बरतने की पुष्टि हुई।
विभाग को एसपी का स्पष्ट संदेश
इसके बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई की। निलंबित किए गए चार पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना से संबंधित पुलिसकर्मी, बांकीमोगरा थाना से संबंधित पुलिसकर्मी और कोरबा क्षेत्र के अन्य पुलिसकर्मी थानों के कर्मचारी शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने विभाग के भीतर एक स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अपराधियों से किसी भी तरह की साठगांठ या कर्तव्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी पुलिसकर्मी अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य थानों और चौकियों में भी हड़कंप का माहौल है। पुलिस कप्तान की इस 'जीरो टॉलरेंस' नीति की आम जनता में काफी सराहना हो रही है।