नरसिंहपुर में कक्षा 12वीं की एक छात्रा ने अपनी रसायन शास्त्र की उत्तरपुस्तिका के साथ छेड़छाड़ एवं गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में कक्षा 12वीं की एक छात्रा ने अपनी रसायन शास्त्र की उत्तरपुस्तिका के साथ छेड़छाड़ एवं गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। छात्रा एकता का कहना है कि उसे परीक्षा में अपेक्षा से काफी कम अंक दिए गए, जिसके कारण वह महज दो प्रतिशत से मेधावी छात्रा योजना के लाभ और स्कूटी से वंचित रह गई।
सही उत्तरों को गलत अंकित किया गया
री-टोटलिंग के बाद भी अंक नहीं बढ़ने पर छात्रा ने उत्तरपुस्तिका की प्रति निकलवाई। छात्रा एकता के अनुसार, कई सही उत्तरों को गलत अंकित किया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर उत्तरों और सूत्रों के साथ छेड़छाड़ जैसी स्थिति दिखाई देती है। छात्रा का दावा है कि उसकी कॉपी में 20 से 25 अंक तक बढ़ने की संभावना है।
छात्रा ने एमपी बोर्ड को मेल से की शिकायत
छात्रा ने कहा कि हमने करेली कॉलेज के रसायन शास्त्र के प्रोफेसर से कॉपी की जांच कराई। उन्होंने भी उत्तरपुस्तिका में 18 से 20 अंक बढ़ने की संभावना जताई है। छात्रा ने मामले की शिकायत एमपी बोर्ड को मेल से भेजी है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।