उत्तर प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी चिंता जताई है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बुधवार को सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में हाल के दिनों में लखीमपुर खीरी, अमरोहा, आगरा और अलीगढ़ जैसे जिलों में हुए हादसों पर का जिक्र किया।
लापरवाही बरतने वाले अफसरों की तय होगी जवाबदेही
सीएम योगी ने सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन चलाना वालों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, "हमारे लिए प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है और और सड़क हादसों को रोकने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।"
हर 15 दिन में होगी सड़क सुरक्षा की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवर स्पीडिंग और शराब पीकर गाड़ी चलाना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हादसों को रोकने के लिए 'टॉप टू बॉटम' सभी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। शासन स्तर पर हर 15 दिन में इसकी प्रगति की समीक्षा होगी।
अवैध स्टैंड्स और अनफिट स्कूल बसों पर एक्शन
सीएम ने सड़कों से अवैध स्टैंड्स को तुरंत हटाने और सड़क किनारे होने वाली बेतरतीब पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक अब बिना फिटनेस के स्कूल वाहन सड़कों पर नहीं उतर सकेंगे। वहीं, बार-बार चालान होने वाले वाहनों के परमिट भी निरस्त किए जाएंगें।
सड़क सुरक्षा के लिए इंटरसेप्टर और स्पीड गन की व्यवस्था
योगी आदित्यनाथ ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासनिक कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका जमीनी असर दिखना चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां सभी 75 जिलों के 487 क्रिटिकल पुलिस थानों पर 'जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना' लागू की गई है। इसके अलावा इस दिशा में काम करते हुए यातायात पुलिस की ओर से बताया गया कि सड़क सुरक्षा कोष के जरिए जिलों को 25 चार पहिया इंटरसेप्टर, 62 दोपहिया इंटरसेप्टर और 82 स्पीड लेजर गन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखी जा सके।
यह भी पढ़ें: फलता उपचुनाव में 90% से ज्यादा मतदान, शांतिपूर्ण वोटिंग पर बीजेपी ने जताई खुशी