प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कांवड़ यात्रियों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल

मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल, हेलिकॉप्टर से भी हुई पुष्पवर्षा

मेरठ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। हेलिकॉप्टर से भी कांवड़ मार्ग पर फूल बरसाए गए। सीएम ने यात्रा को एकता और समरसता का प्रतीक बताया।

मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल हेलिकॉप्टर से भी हुई पुष्पवर्षा

CM Yogi Showers Flowers on Kanwar Pilgrims in Meerut |

मेरठ (उत्तर प्रदेश)। श्रावण मास की दशमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनकी आस्था का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन भी किया, जबकि मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई और ‘हर-हर, बम-बम’ के जयघोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण बताते हुए शिवभक्तों के स्वागत, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर से किया कांवड़ मार्ग का अवलोकन

आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए भोलेबाबा के भक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान, सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

चारों ओर ‘हर-हर बम-बम’ की गूंज

पवित्र गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने निकले कांवड़ यात्रियों द्वारा हर-हर बम-बम की गूंज से समूचा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोले के भक्तों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें अहसास कराया कि यह आस्था का सम्मान करने वाली सरकार है। 

झांकी में विभिन्न स्वरूप में दिखे बाबा के गण

कांवड़ यात्रा में निकली झांकी में ‘बाबा के गण’ विभिन्न स्वरूपों में भोले की मस्ती में डूबे दिखे। कोई भगवान भोलेनाथ की यात्रा में झूम रहा था तो कोई कार्तिकेय, गणेश के स्वरूप में शिवपरिवार के प्रति श्रद्धा निवेदित कर रहा था। भूत-प्रेत के स्वरूप में भी बाबा के गण रथ पर सवार रहे। बम भोले-बम भोले, बम-बम-बम समेत भोलेनाथ के विभिन्न गीतों पर श्रद्धालु जमकर थिरकते रहे। जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे, दुनिया में फिर से हम भगवा लहराएंगे आदि गीत भी पूरे माहौल को भगवामय कर रहे थे। यहां उपस्थित तमाम श्रद्धालु व आमजन भी आस्था, उमंग व उत्साह के इस पल को मोबाइल में कैद करते दिखाई दिए। 

भक्ति, समर्पण, एकता व समरसता का जीवंत उदाहरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। शिवभक्त कांवड़ यात्री हरिद्वार में हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस अभियान से लाखों शिवभक्त जुड़े हैं। आशा है कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच चार-साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक इस कांवड़ यात्रा के संग गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।

कई राज्यों के लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। मेरठ में मुझे जनप्रतिनिधियों संग कांवड़यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव मंदिर के साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के भी लाखों शिवभक्त श्रद्धा व उत्साहवर्धन के साथ कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं। 

कांवड़ यात्रा बनी भक्ति, एकता और समरसता की मिसाल

सीएम योगी ने कहा कि हम सभी पूरी तत्परता से कांवड़ यात्रियों के स्वागत व सुरक्षा के लिए तैयार हैं। देवाधिदेव महादेव के प्रति श्रद्धा के साथ सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। जात-पात, क्षेत्र व प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर उनकी हर श्वांस शिव के नाम है। 

प्रशासन और समाजसेवी संगठनों ने संभाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा

सीएम ने कहा कि यहां उत्साह, उमंग का माहौल है। प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ सुरक्षा की व्यवस्था की है। जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी, जोन, रेंज, जनपद, थाना स्तर के साथ ही तमाम पुलिस अधिकारी भी श्रद्धाभाव के साथ अभियान का हिस्सा बनकर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। समाजसेवी-धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविरों के माध्यम से कांवड़ यात्रियों की श्रद्धा व सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं। सीएम ने इन सभी संगठनों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया। 

शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रियों पर होगी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा

सीएम ने इसे भक्ति की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल व परसों (शिवरात्रि) तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी। सीएम ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे शिवभक्तों की कामना को पूर्ण करें और प्रदेश-देश में सुख-शांति व सौहार्द का माहौल बनाने के लिए सर्वदा उनकी कृपा बनी रहे। 

यह भी पढ़े:   कभी घर-परिवार तक सीमित थीं श्वेता, अब 300 से ज्यादा बकरियों की बनीं भरोसेमंद पशु सखी

Related to this topic: