प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

आनंदपुर आश्रम में सीक्रेट तहखाने

आनंदपुर आश्रम में सीक्रेट तहखाने, मानव तस्करी के आरोप

कांग्रेस ने आश्रम परिसर में कथित रूप से सीक्रेट तहखाने बनाए जाने, मानव तस्करी, अवैध गतिविधियों और शारीरिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य के DGP कैलाश मकवाना को 80 पेज की विस्तृत शिकायत सौंपी है।

आनंदपुर आश्रम में सीक्रेट तहखाने मानव तस्करी के आरोप

फाइल फोटो |

अशोकनगर/भोपाल। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित आनंदपुर धाम ट्रस्ट एक बार फिर विवादों में घिर गया है। कांग्रेस ने आश्रम परिसर में कथित रूप से सीक्रेट तहखाने बनाए जाने, मानव तस्करी, अवैध गतिविधियों और शारीरिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना को 80 पेज की विस्तृत शिकायत सौंपी है।

नियम की अनदेखी

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने आरोप लगाया कि आनंदपुर धाम परिसर में नियमों को ताक पर रखकर गुप्त तहखानों का निर्माण किया गया है, जहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती हैं। उन्होंने दावा किया कि शिकायत में मानव तस्करी से जुड़े तथ्य, पीड़ितों के बयान, शारीरिक शोषण के प्रमाण और अन्य दस्तावेज संलग्न किए गए हैं।

अमानवीय व्यवहार किया जाता है

प्रदीप अहिरवार ने कहा कि आश्रम के भीतर रहने वाले कुछ लोगों को बाहरी दुनिया से संपर्क से वंचित रखा गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस को पहले भी इस संबंध में शिकायतें दी गई थीं, लेकिन प्रभावशाली लोगों के दबाव में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए

कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और यदि जरूरत पड़े तो विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए। पार्टी का कहना है कि यह मामला केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। वहीं, आनंदपुर धाम ट्रस्ट की ओर से अब तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक स्तर पर भी शिकायत की जांच प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

फिलहाल, इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है और आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/koraput-bans-sale-of-non-vegetarian-food-on-republic-day/106175

कोरापुट में गणतंत्र दिवस पर नॉन-वेज खाना बेचने पर लगी रोक

Related to this topic: