बलिया में कांग्रेस कार्यालय पर हंगामे के बाद सियासी विवाद तेज हो गया। कांग्रेस महिला मोर्चा ने गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया, जबकि जिलाध्यक्ष ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में स्थित कांग्रेस कार्यालय पर हुए हंगामे के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दरअसल, जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले को लेकर बीजेपी की महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस कार्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यालय की छत पर चढ़कर बीजेपी का झंडा फहराने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं में गहरा रोष फैल गया। इस अपमानजनक कृत्य के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा ने पूरे कार्यालय परिसर में गंगाजल छिड़ककर उसका शुद्धिकरण किया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस कार्यालय में गंगाजल छिड़ककर किया शुद्धिकरण
कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुपमा सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने पार्टी कार्यालय के प्रांगण, कमरों और छत पर गंगाजल छिड़का। अनुपमा सिंह ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली में पूर्व निर्धारित प्रदर्शन में शामिल होने गए थे, तब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और पूर्व मंत्री नारद राय के संरक्षण में दफ्तर में घुसपैठ की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग से बने इस ऐतिहासिक व पवित्र स्थल को अपवित्र किया गया और पार्टी के झंडे का घोर अपमान हुआ। इसी नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी दूसरों पर बोलने से पहले अपनी पार्टी के गिरेबान में झांके।
कांग्रेस ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
मामले को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उमाशंकर पाठक ने कहा कि कोतवाल की मौजूदगी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दफ्तर में तोड़फोड़ की और छत पर झंडा लगाया। लोकतंत्र में विरोध कार्यालय के बाहर होता है, लेकिन भीतर घुसकर कब्जा करना खुली गुंडागर्दी है। उन्होंने कहा कि हम गांधीवादी हैं, पर स्वाभिमान की रक्षा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के रास्ते पर चलकर ईंट का जवाब पत्थर से देना भी जानते हैं। अगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस सड़कों पर एक बड़ा जन आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें- 'जय जोहार' पर कथित टिप्पणी से भड़का आक्रोश, डिंडोरी में चक्का जाम