दतिया उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को हराकर दर्ज की जीत, वहीं गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल ने 30 हजार से अधिक वोटों से मारी बाजी। पढ़ें पूरी खबर।
दतिया (मध्य प्रदेश)। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने सोमवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। मतगणना के सभी 15 चरणों के बाद सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि तिवारी को 60,741 वोट प्राप्त हुए। वहीं गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया है।
राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद हुआ था उपचुनाव
मध्य प्रदेश के बहुचर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को हुआ था। यह उपचुनाव अप्रैल में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद आवश्यक हो गया था, जिन्हें दिल्ली की एक अदालत ने बैंक धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी।
हार के बाद भाजपा उम्मीदवार ने जनता का फैसला किया स्वीकार
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करेंगे। बता दें कि तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में नरोत्तम मिश्रा का स्थान लिया है। मिश्रा ने 2008 से 2018 तक लगातार तीन बार दतिया का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनावों में यह सीट हार गए थे।
जीतू पटवारी बोले- जनता ने बदलाव का संकेत दिया
इससे पहले, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की बढ़त ने राज्य में भाजपा सरकार का "असली चेहरा" उजागर कर दिया है और दावा किया कि यह परिणाम जनता में बदलाव का संकेत है। पटवारी ने कहा, "इस चुनाव ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। यह मध्य प्रदेश में हमारी टीम के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। राज्य की जनता ने बदलाव का संकेत दे दिया है। अगर वह (भाजपा के नरोत्तम मिश्रा) चुनाव लड़ते तो हार जाते।"
योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी मांजलपुर सीट
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट फिर जीत ली है। उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी को तीस हजार से अधिक वोटों से हराया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, पटेल को 55 हजार 481 जबकि रबारी को 24 हजार 851 मत प्राप्त हुए। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी।
मांजलपुर में भाजपा ने बड़ी जीत के साथ सीट बरकरार रखी
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। भाजपा उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सत्येंद्रभाई पटेल को 55,481 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रबारी को 24,851 मतों से संतोष करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी, जिस पर अब उपचुनाव संपन्न हुआ है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव 2026: प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा का 30 साल पुराना गढ़ ध्वस्त