प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सहारनपुर में करंट से संविदाकर्मी झुलसा

सहारनपुर में हाईटेंशन हादसा, लाइन पर काम करते समय संविदाकर्मी करंट से झुलसा

सहारनपुर: मंडी समिति रोड स्थित विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान मंगलवार को बिजली विभाग का एक संविदाकर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

सहारनपुर में हाईटेंशन हादसा लाइन पर काम करते समय संविदाकर्मी करंट से झुलसा

Contract Worker Burnt in Saharanpur Shock |

सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: मंडी समिति रोड स्थित विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान मंगलवार को बिजली विभाग का एक संविदाकर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

10-12 वर्षों से कर रहा था संविदा पर काम

घायल की पहचान रजनीश के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 10 से 12 वर्षों से बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। घायल के पिता धारा सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी फोन के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कई वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्य कर रहा है। उन्होंने विभाग से हरसंभव सहायता की अपेक्षा जताते हुए कहा कि उन्हें बेटे के बीमा और अन्य सुविधाओं की जानकारी नहीं है।

बिजली विभाग ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। विभाग के एसडीओ ने बताया कि घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कर्मचारी किस स्थिति में लाइन पर कार्य कर रहा था। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों में चिंता, जांच जारी

हादसे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, परिजन रजनीश के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

यह भी पढ़े: इटावा में पति की हत्या का 10 घंटे में खुलासा, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

Related to this topic: