मेरठ में एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में विभिन्न शाखाओं से आई नकदी की जांच के दौरान 4.63 लाख रुपये से अधिक के जाली नोट मिलने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
Counterfeit notes worth over 4.63 lakh found in Axis Bank currency chest in Meerut |
मेरठ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ में एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में विभिन्न शाखाओं से भेजी गई नकदी की जांच के दौरान 4,63,650 रुपये मूल्य के 1,323 जाली नोट मिलने के मामले में सिविल लाइंस थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बैंक के करेंसी चेस्ट प्रबंधक सरताज सिंह की शिकायत के अनुसार, एक दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न शाखाओं से भेजी गई धनराशि की जांच के दौरान ये जाली नोट पाए गए। प्राथमिकी के मुताबिक, इनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं, जिनकी कुल संख्या 1,323 और कुल मूल्य 4,63,650 रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच और बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बुधवार को भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 178, 179, 180, 181 और 182 के तहत मामला दर्ज किया है और इस पूरे मामले की जांच उपनिरीक्षक दिलीप सेंगर को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले ने बृहस्पतिवार को बताया कि किन-किन बैंकों और शाखाओं में किस तरह से ये नकली नोट पहुंचे, इस बात का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है।
बैंक प्रबंधन की शिकायत और कार्यक्षेत्र का विवरण
बैंक सूत्रों के मुताबिक, सरताज सिंह ने 16 सितंबर को इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति से औपचारिक शिकायत की थी। बैंक प्रबंधक का कहना है कि वह थाना मेडिकल क्षेत्र स्थित मंगल पांडेय नगर की बैंक शाखा में कार्यरत हैं और उनकी चेस्ट से एक्सिस बैंक की कई अन्य शाखाएं भी जुड़ी हुई हैं, जिनकी नकदी की यहाँ जांच की जाती है।
यह भी पढ़ें: अनुचित चुनाव होने देने के लिए सीईसी पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए: प्रियंका गांधी वाद्रा