सुल्तानपुर में टायर फटने से क्रूजर बिजली पोल से टकराई, 12 लोग घायल हुए। पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, कोई मौत नहीं हुई।
सुल्तानपुर {उत्तर प्रदेश}: जनपद के लंभुआ क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से अयोध्या जा रही एक क्रूजर गाड़ी का पिछला टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में वाहन सवार 12 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मृत्यु नहीं हुई।
वाराणसी से अयोध्या जा रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार क्रूजर में मध्य प्रदेश के शिवपुरी (एमपी) निवासी करीब 15 लोग सवार थे, जो वाराणसी से अयोध्या की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 5:15 बजे लंभुआ क्षेत्र में चलते समय वाहन का पिछला टायर फट गया। अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और क्रूजर बिजली के पोल से टकरा गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस, चिकित्सकों की टीम और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
5 घायलों की हालत गंभीर
अपर पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर वृज नारायण सिंह ने बताया कि दुर्घटना टायर फटने के कारण हुई है। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि किसी के मृत होने की सूचना नहीं है और सभी घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है।
हादसे के बाद जांच जारी
पुलिस के अनुसार घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े: E20 पेट्रोल पर केंद्र का जवाब- इंजन खराब होने के दावे भ्रामक, करोड़ों वाहन सफलतापूर्वक चल रहे