मुनिरका में 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय द्वारा पत्नी की हत्या का मामला। दोस्त के खुलासे और पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार। पढ़ें पूरी क्राइम रिपोर्ट।
नई दिल्ली। दिल्ली के मुनिरका इलाके में एक 24 साल के डिलीवरी बॉय को अपनी 20 साल की पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने एक दोस्त के सामने अपना जुर्म कबूल किया और लाश को ठिकाने लगाने में मदद मांगी थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को किशनगढ़ पुलिस थाने में एक PCR कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उसके दोस्त ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और लाश को ठिकाने लगाने में मदद मांग रहा है।
दोस्त ने पुलिस को दी अहम जानकारी
पुलिस तुरंत मुनिरका में पाल डेयरी पहुंची, जहां कॉल करने वाले ने आरोपी अनुराग उर्फ अभिषेक की पहचान की, जो अपने घर के बाहर खड़ा था। पुलिस ने बताया कि उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे 1 अगस्त की रात को फोन किया था और उसे तुरंत अपने घर के पास आने के लिए कहा था।
घर के कमरे में मिली खून से लथपथ लाश
पुलिस के मुताबिक, जब वह वहां पहुंचा तो आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया, जहां उसने आरोपी की पत्नी कनिका को बिस्तर पर खून से लथपथ और कई चोटों के साथ पाया। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल की और शिकायतकर्ता से बार-बार लाश को ठिकाने लगाने में मदद करने को कहा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बाद में शिकायतकर्ता ने घर का गेट खुलवाने के लिए परिवार वालों को फोन करने के बहाने आरोपी से अपना मोबाइल फोन वापस ले लिया। ऊपर पहुंचने के बाद, उसने तुरंत 112 डायल किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस आरोपी और शिकायतकर्ता के साथ आरोपी के घर गई, जहां कनिका की लाश बिस्तर पर खून से लथपथ मिली। उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानूनी शिकंजा: पुलिस जांच और FIR दर्ज
घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया और जांच के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञों को बुलाया गया। शिकायतकर्ता के बयान और जांच के दौरान मिले अन्य सबूतों के आधार पर, किशनगढ़ पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। मृतका गृहिणी थी। पुलिस के मुताबिक, उसने 2023 में आरोपी से शादी की थी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने ऑटो चोरी रैकेट को पकड़ा, चोरी की 6 स्कूटी बरामद