दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच 14.0' के तहत 48 घंटे में बड़ा अभियान चलाकर 800 से अधिक गिरफ्तारियां कीं और ड्रग्स, हथियार व शराब बरामद की।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में चलाए गए सबसे बड़े समन्वित कानून प्रवर्तन अभियानों में से एक 'ऑपरेशन कवच 14.0' के तहत दिल्ली पुलिस ने 22 से 24 जून तक 48 घंटे का मेगा अभियान चलाकर ड्रग्स माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 800 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, अवैध हथियार तथा शराब बरामद की गई।
4,035 छापे, सैकड़ों अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राजधानी के सभी 15 जिलों में एक साथ 4,035 छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान सैकड़ों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ व अवैध हथियार जब्त किए गए।
ड्रग्स के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करना था। नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टेंस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज 212 मामलों में 255 ड्रग तस्करों और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 237 किलोग्राम से अधिक गांजा, 5.1 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला ओजी गांजा, 1.09 किलोग्राम हेरोइन तथा कोकीन, एमडीएमए और मेथम्फेटामाइन जैसे मादक पदार्थ जब्त किए। इसके अलावा छापेमारी के दौरान 23.27 लाख रुपये की "ड्रग मनी" भी बरामद की गई।
अवैध हथियार और शराब तस्करों पर भी शिकंजा
ड्रग्स के अलावा अभियान में अवैध हथियारों और शराब की तस्करी पर भी सख्त कार्रवाई की गई। शस्त्र अधिनियम के तहत 315 मामलों में 329 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 405 शराब तस्करों को पकड़कर उनके कब्जे से 53,448 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई।
जुआरियों, घोषित अपराधियों और वाहन चोरों पर कार्रवाई
48 घंटे के इस अभियान के दौरान स्थानीय जुआ अड्डों और गली-मोहल्लों में सक्रिय अपराधियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। करीब 600 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 7.16 लाख रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा 49 घोषित अपराधियों (PO) और 55 ऑटो-लिफ्टरों को भी गिरफ्तार किया गया।
1,900 निवारक गिरफ्तारियां भी की गईं
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने अभियान के दौरान 1,900 निवारक गिरफ्तारियां भी कीं।
मई 2023 से चल रहा है ऑपरेशन कवच
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, मई 2023 में पूरे दिल्ली में संयुक्त व्यापक अभियान 'ऑपरेशन कवच' की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है।
इस अभियान के तहत सड़क स्तर के ड्रग सप्लायरों से लेकर बड़े तस्करों तक को निशाना बनाया जाता है। साथ ही ड्रग्स नेटवर्क की आगे और पीछे की सभी कड़ियों का पता लगाकर पूरे गिरोह को खत्म करने की रणनीति पर काम किया जाता है। अब तक 'ऑपरेशन कवच' के तहत कुल 14 अभियान चलाए जा चुके हैं, जिनमें भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं और बड़ी संख्या में ड्रग्स तस्करों व अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
ANI
यह भी पढ़े: दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच मैनपुरी में 8 माह की गर्भवती महिला लापता, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या की जताई आशंका