प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अवैध पटाखों पर सख्त कार्रवाई

दिवाली से पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली में पुलिस का बड़ा एक्शन, 91 किलो अवैध पटाखों संग 5 गिरफ्तार

दिवाली से पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 91.910 किलो अवैध पटाखे जब्त किए और पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

दिवाली से पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली में पुलिस का बड़ा एक्शन 91 किलो अवैध पटाखों संग 5 गिरफ्तार

Delhi Police team with seized illegal firecrackers |

नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने अवैध और प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री और भंडारण पर अपनी नकेल और कस दी है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर, शास्त्री पार्क और दयालपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से करीब 91.910 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं।

ज्योति नगर इलाके में चले तीन ताबड़तोड़ ऑपरेशन

ज्योति नगर पुलिस थाना की अलग-अलग टीमों ने इलाके में तीन विशेष ऑपरेशन चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। पहली कार्रवाई में हेड कांस्टेबल आकाश और कांस्टेबल राजदीप की टीम ने अशोक नगर मार्केट के पास छापेमारी कर 42 वर्षीय सुनाय कुमार को पकड़ा। उसके कब्जे से 26 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए, जिनमें खतरनाक स्काई शॉट्स, बुलेट बम और चकरियां शामिल थीं। 

जब पुलिस ने लाइसेंस मांगा तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद जब पटाखों के डिब्बों पर लगे क्यूआर कोड का वेरिफिकेशन किया गया तो खुलासा हुआ कि ये पर्यावरण के अनुकूल 'ग्रीन क्रैकर्स' नहीं थे। नियम उल्लंघन पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली।

इसी थाने के दूसरे ऑपरेशन में हेड कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल राजदीप की टीम ने हनुमान मंदिर फाटक रोड पर दबिश देकर 20 साल के अतुल को दबोचा और उसके पास से 13 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए। वहीं तीसरे ऑपरेशन के तहत हेड कांस्टेबल दीपक की टीम ने अमर कॉलोनी स्थित मंगल बाजार के पास 54 वर्षीय खेम चंद को 22 किलोग्राम पटाखों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

शास्त्री पार्क में स्कूल के पास से पकड़ा गया आरोपी

दूसरी तरफ शास्त्री पार्क पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में पटाखों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक स्थानीय स्कूल के पास घेराबंदी कर छापा मारा। वहां मौजूद 50 वर्षीय अवधेश को पुलिस ने हिरासत में लिया। जांच करने पर उसके पास मौजूद दो प्लास्टिक की बोरी से 20.360 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए।

दयालपुर में गश्त के दौरान मंदिर के पास कार्रवाई

तीसरी कार्रवाई दयालपुर थाना क्षेत्र में हुई। गश्त पर तैनात हेड कांस्टेबल हरबीर राठी और कांस्टेबल शुभम ने नेहरू विहार में एक मंदिर के पास संदिग्ध स्थिति में पटाखे बेच रहे 40 वर्षीय यासीन को पकड़ा। वह बिना किसी वैध लाइसेंस के खुलेआम पटाखों की बिक्री कर रहा था। उसके पास से 10.550 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए।

आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं

पुलिस की इस पूरी कार्रवाई के तहत ज्योति नगर थाने से 61 किलो, शास्त्री पार्क से 20.360 किलो और दयालपुर से 10.550 किलो पटाखे जब्त किए गए। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में सामने आया है कि पकड़े गए पांचों आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखों का कारोबार कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान इनमें से किसी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया है। फिलहाल पुलिस ने पांचों मामले दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: चावड़ी बाजार में बिल्डिंग गिरने के मामले में ठेकेदार पर FIR, CM रेखा गुप्ता ने किया घटनास्थल का दौरा

Related to this topic: