प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मिर्जापुर में विकास योजनाओं की समीक्षा

मिर्जापुर में विकास योजनाओं की समीक्षा, अंतिम पायदान तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर में अधिकारियों संग विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की और पात्रों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

मिर्जापुर में विकास योजनाओं की समीक्षा अंतिम पायदान तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

Development Schemes Reviewed in Mirzapur, Officials Told to Ensure Benefits Reach All |

मिर्जापुर। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज मिर्जापुर स्थित होटल कम्फर्ट में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ जलमग्न क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश

श्री मौर्य ने जनपद में जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां नालियों की सफाई, जलनिकासी एवं अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं।

स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष जोर देते हुए समूहों की संख्या बढ़ाने, उन्हें प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने तथा समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाकर उन्हें लखपति दीदी बनाने के प्रधानमंत्री जी के संकल्प को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।

खाद्य प्रसंस्करण से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने जनपद में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इच्छुक उद्यमियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

आयुष्मान भारत योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना सहित स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित न रहे। श्री मौर्य ने गड्ढा मुक्ति अभियान की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढा मुक्ति का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। त्योहारों के दृष्टिगत सड़कों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए।

जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं, जनहित से जुड़े विषयों तथा उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और संगठन के कार्यकर्ता जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाएं।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

उन्होंने संगठन को घर-घर तक पहुंचाने वाले कार्यक्रमों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपमुख्यमंत्री ने अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने तथा संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

ये भी पढ़ें: दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान, 25 हजार रुपये का पुरस्कार

Related to this topic: