धार्मिक नगरी उज्जैन में गुजरात से आए एक श्रद्धालु ने भगवान महाकालेश्वर को लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और पूजन सामग्री दान की है। चांदी के आभूषणों का कुल वजन लगभग 29 किलो ग्राम है।
उज्जैन (एमपी)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में बाबा महाकाल के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा के कारण ही गुजरात से आए एक श्रद्धालु ने भगवान महाकालेश्वर को लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और पूजन सामग्री दान की है। दान किए गए चांदी के आभूषणों का कुल वजन लगभग 29 किलो ग्राम है। वर्तमान बाजार भाव के अनुसार इन आभूषणों की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। यह दान गुजरात के एक संपन्न भक्त द्वारा अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर किया गया है।
आभूषणों में यह दिया गया
इन आभूषणों में भगवान को विशेष रूप से तैयार की गई पगड़ी, मुकुट, छत्र, और मंदिर की आरती व पूजन में उपयोग होने वाले चांदी के बर्तन और अन्य सजावटी सामग्री अर्पित की गई। भक्त ने सोमवार के शुभ अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन किए और विधिवत उपरोक्त ये सभी आभूषण श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अधिकारियों को सौंपे। मंदिर प्रशासन ने दानदाता का सम्मान किया और इस उदार दान के लिए आभार व्यक्त किया।
देश-विदेश के भक्त करते हैं दान
महाकाल मंदिर में देश-विदेश से आने वाले भक्त अक्सर सोना, चांदी और नकद राशि दान करते हैं। मंदिर समिति के अनुसार, हाल के वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि के साथ-साथ दान राशि में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन चांदी के आभूषणों का उपयोग बाबा महाकाल के श्रृंगार और मंदिर के अनुष्ठानों में किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/daylight-burglary-thief-pushes-woman-and-escapes-in-sagar/155259
सागर के मकरोनिया में दिनदहाड़े चोरी, महिला को धक्का देकर भागा चोर