अमेठी के भादर ब्लॉक अंतर्गत संसारीपुर गांव में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे की तेज आवाज से एक जर्जर कच्चा मकान ढह गया, जिससे घर के अंदर सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया।
अमेठी: अमेठी के भादर ब्लॉक अंतर्गत संसारीपुर गांव में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर के अंदर सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गणपति विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम गांव में गणपति विसर्जन की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान संसारीपुर निवासी स्वर्गीय सुरेश कुमार कोरी का जर्जर कच्चा मकान अचानक गिर गया। मकान गिरते ही परिवार के लोग मलबे में दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबे लोगों को आईं चोटें
ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया। हादसे में 60 वर्षीय हीरावती के पैर और कंधे में चोट आई है, जबकि 20 वर्षीय ज्योति की कमर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में मामूली चोटें आई हैं।
मौके पर भेजी गई राजस्व टीम
घटना की सूचना मिलते ही तहसील और ब्लॉक प्रशासन भी सक्रिय हो गया। अमेठी के उप जिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम द्वारा मकान गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी आर्थिक सहायता
एसडीएम ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं भादर ब्लॉक के बीडीओ और एडीओ पंचायत को भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करने तथा परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों की तत्परता से हादसे में जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें- 'अब चुनाव आयोग पर किसी को भरोसा नहीं': TMC के नाम और चुनाव चिह्न विवाद पर कल्याण बनर्जी का बड़ा बयान