गाजीपुर, (उत्तर प्रदेश)। उत्तराखण्ड के हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 7वीं यूएमएआई (UMAI) नेशनल मुआयथाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले सनबीम स्कूल, दिलदारनगर के खिलाड़ियों को जमानिया विधायक ओम प्रकाश सिंह ने अपने आवास पर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों को ट्रैकसूट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
13 खिलाड़ियों ने लिया था भाग
प्रतियोगिता में गाजीपुर के 13 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 11 खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। शुभांशी सिंह ने 44 किलोग्राम भार वर्ग और आरुषि सिंह ने 54 किलोग्राम सब जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं यिशु सिंह और कृतिक राजभर ने रजत पदक जीता. इसके अलावा प्रियांशी सिंह, शान्वी गुप्ता, ओम जी सिंह, प्रतीक कुमार, कैफ अंसारी, अनुज कुमार गुप्ता सहित अन्य खिलाड़ियों ने कांस्य पदक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने की अपील
सम्मान समारोह में विधायक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अभिभावक, प्रशिक्षक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ेंः भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला: सुप्रीम कोर्ट का याचिका पर जल्द सुनवाई से इंकार