डिंडौरी जिले में भोले-भाले ग्रामीणों को लोन और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
डिंडौरी : जिले में भोले-भाले ग्रामीणों को लोन और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला डिंडौरी कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां ग्राम धनुआ सागर निवासी आकाश ने बबलू नामक युवक पर लोन दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये लेने और राशन कार्ड बनवाने के लिए 2 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है।
लोन के नाम पर 30 हजार रुपये लेने का आरोप
पीड़ित आकाश के मुताबिक करीब एक वर्ष से वह अपने पैसे और राशन कार्ड के लिए बबलू से लगातार संपर्क कर रहा है, लेकिन आज तक न तो उसे लोन स्वीकृत हुआ और न ही राशन कार्ड बनकर मिला। आरोप है कि जब भी आकाश अपने रुपये वापस मांगता या राशन कार्ड के संबंध में सवाल करता, तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी जाती।
परेशान होकर थाने पहुंचा पीड़ित
लंबे समय से परेशान आकाश आखिरकार डिंडौरी कोतवाली पहुंचा और थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। शिकायत के बाद अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।
सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी के आरोप
डिंडौरी आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, लोन और रोजगार का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ऐसे जालसाजों से सावधान रहने की अपील भी की जा रही है। इसके बावजूद ठगी के मामलों में कमी दिखाई नहीं दे रही। फिलहाल शिकायतकर्ता आकाश भयभीत है और पुलिस की कार्रवाई तथा न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
ये भी पढ़ें: महिला एशिया कप 2026: दुबई में श्रीलंका को हराकर भारत ने जीता आठवां खिताब