भिंड के मछंड स्थित सरकारी स्कूल में मध्याह्न भोजन के बर्तनों में गंदगी मिलने के आरोपों के बीच पत्रकारों से कथित अभद्रता का वीडियो सामने आया है।
Dirty Mid-Day Meal Utensils Found at Bhind School, Teacher Accused of Misbehaving with Journalists |
भिंड (मध्य प्रदेश)। जिलें के लहार अनुविभाग के मछंड स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के भविष्य और सेहत के साथ खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। स्कूल में फैली बदहाली और मध्याह्न भोजन के बर्तनों में छाई गंदगी की परत को जब मीडिया ने अपने कैमरे में कैद करना चाहा, तो सच से घबराए शिक्षक उल्टे पत्रकारों पर ही टूट पड़े।
क्या है पूरा मामला?
स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन और बर्तनों की साफ-सफाई को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। जब मीडियाकर्मी हकीकत जानने पहुंचे, तो मौके पर भारी अव्यवस्था और गंदगी पाई गई।
पत्रकारों से कथित अभद्रता
ज़ब पत्रकारों ने प्राचार्य और शिक्षकों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किए, तो एक शिक्षक अपना आपा खो बैठा। आरोप है कि शिक्षक ने जवाब देने के बजाय पत्रकारों से जमकर कथित अभद्रता की और उन्हें 'बिकाऊ' तक कह डाला। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक की दबंगई और अमर्यादित भाषा साफ देखी जा सकती है। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।
शिक्षा विभाग पर उठे गंभीर सवाल
जिस 'शिक्षा के मंदिर' में बच्चों को स्वच्छता और संस्कारों का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए, वहां सवाल पूछने पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से बदसलूकी की गई। इस घटना ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही के साथ-साथ शिक्षा विभाग की कार्यशैली को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) का रुख
मामला तूल पकड़ते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लिया है। डीईओ ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और वीडियो में अभद्रता करते दिख रहे दोषी शिक्षक पर सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। अब देखना यह है कि विभाग अपने ही लापरवाह शिक्षकों पर गाज गिराता है या मामला सिर्फ जांच के आश्वासनों में सिमट कर रह जाएगा।
यह भी पढ़ेंः मैहर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने चरवाहे को कुचला, मौके पर मौत