प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ब्रेक फेल होने से होटल में घुसी बस

इटावा में डबल डेकर बस के ब्रेक फेल, होटल में घुसी; 4 यात्री गंभीर घायल

इटावा के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ब्रेक फेल होने से एक डबल डेकर बस होटल में घुस गई, जिसमें चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और कई अन्य को मामूली चोटें आईं।

इटावा में डबल डेकर बस के ब्रेक फेल होटल में घुसी 4 यात्री गंभीर घायल

Double-Decker Bus Crashes into Hotel After Brake Failure in Etawah, Four Seriously Injured |

इटावा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के फुलरई गांव के पास करीब 50 यात्रियों से भरी एक प्राइवेट डबल डेकर बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।

दिल्ली की और जा रही थी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार से दिल्ली की ओर जा रही थी। अचानक ब्रेक जवाब देने पर चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और बस सीधे होटल में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होटल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

चार यात्री गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल एक यात्री की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भिजवाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

दुर्घटना की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। गनीमत रही कि होटल के बाहर उस समय अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया। 

यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में चाट दुकान पर दंपति से मारपीट, पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप

Related to this topic: