डीआरआई ने विशाखापत्तनम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार का पीछा कर 8.98 करोड़ रुपये मूल्य का 5.83 किग्रा सोना पकड़ा। बांग्लादेश सीमा से तस्करी कर लाए गए इस सोने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।
विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश)। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता से हैदराबाद जा रही एक कार से 8.98 करोड़ रुपये मूल्य का 5.83 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने हाइवे पर काफी दूर तक पीछा करने के बाद संदिग्ध वाहन को रोका और मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया।
सीट के नीचे बनाई गई थी खुफिया कैविटी
डीआरआई के अधिकारियों के मुताबिक, सटीक इनपुट के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतर्कता बढ़ाई गई थी। गाड़ी को रोकने के बाद जब संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की गई और वाहन की गहन तलाशी ली गई, तो कार में अगली पैसेंजर सीट के लेग-स्पेस के नीचे एक विशेष रूप से निर्मित गुप्त केबिन (कैविटी) का पता चला।
24 कैरट शुद्धता का 5.83 किलो सोना बरामद
वाहन में बनाई गई इस खुफिया कैविटी से 24 कैरट शुद्धता (999 फाइननेस) वाले सोने के तीन पैकेट बरामद किए गए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 5,832.90 ग्राम (लगभग 5.83 किलोग्राम) है, जिसकी वर्तमान बाजार दरों के अनुसार कुल कीमत 8.98 करोड़ रुपये आंकी गई है।
बांग्लादेश सीमा से हैदराबाद भेजा जा रहा था सोना
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस सोने को भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते अवैध रूप से देश में लाया गया था। तस्करी के इस खेप को कोलकाता के रास्ते हैदराबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही डीआरआई की टीम ने इसे इंटरसेप्ट कर लिया।
कस्टम्स एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक हिरासत में
डीआरआई ने बरामद विदेशी सोने को कस्टम्स एक्ट, 1962 (सीमा शुल्क अधिनियम) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है। मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को क्षेत्राधिकार वाले संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन फायरवॉल-2026: हनीट्रैप के जरिए रक्षा जानकारी जुटाने वाले जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश