बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में चलती कार में अचानक आग लगने से चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। जनपद में सफदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। चलती कार में अचानक आग लगने से चालक प्रदीप कुमार (45) की जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। वाहन के अंदर जले हुए अवशेष मिलने से घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोग भी स्तब्ध रह गए।
कार के भीतर जल युवक
जानकारी के अनुसार, प्यारेपुर निवासी प्रदीप कुमार लखनऊ एयरपोर्ट से सवारियों को बाराबंकी छोड़कर अपने घर लौट रहे थे। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे घर से लगभग दो किलोमीटर पहले उनकी कार में आग लग गई। सुबह करीब छह बजे लोगों की नजर जली हुई कार पर पड़ी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों को बुलाया गया। आग बुझाने के बाद कार के भीतर मानव शरीर के जले हुए अवशेष मिले, जिन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
आग लगते ही लॉक हुए कार के दरवाजे
सफदरगंज कोतवाली प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग लगने के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए थे। चालक ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।
वाहन स्वास्थ्य विभाग में भी संचालित
बताया गया कि प्रदीप कुमार ने करीब चार महीने पहले टाटा टियागो का सीएनजी मॉडल खरीदा था। वाहन स्वास्थ्य विभाग में भी संचालित होता था और कभी-कभी एयरपोर्ट से लौटते समय वह सवारियां लेकर आते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। कार की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी राधा और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा
प्रदीप के छोटे भाई लवकुश वर्मा ने बताया कि हादसे से पहले परिवार की उनसे बातचीत हुई थी। उन्होंने घरवालों से खाना खाकर सो जाने और देर से लौटने की बात कही थी। परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा बन गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: घाटमपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया जाम