वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत महनार अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
वैशाली {बिहार}: वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत महनार अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत चांदपुरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भिखनपुरा के पास से एक व्यक्ति को 49 डिब्बी प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोटा, जिसका कुल वजन करीब 20 ग्राम बताया गया है, के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी सूरज महतो गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चांदपुरा थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि भिखनपुरा के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और मौके से आरोपी को मादक पदार्थ के साथ पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
शुक्रवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देसरी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। देसरी रेलवे स्टेशन के पास से 40 ग्राम कोटा के साथ दो व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
24 घंटे में दूसरी कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि पिछले 24 घंटे के भीतर ऑपरेशन नीलकंठ के तहत यह दूसरी उपलब्धि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को विभिन्न स्रोतों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा और मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: गल्फ टुडे की रिपोर्ट: भारत की चुनावी प्रणाली आधुनिक विश्व की एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि