प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बस हादसे में दो युवकों की मौत

डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

डूंगरपुर में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी है।

डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा रोडवेज बस की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

Dungarpur Tragedy: Two Cousins Killed After Roadways Bus Hits Motorcycle |

डूंगरपुर,(राजस्थान)। शहर के सबसे व्यस्ततम शास्त्री कॉलोनी मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए और बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना खौफनाक था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और घटनास्थल पर चारों ओर खून फैल गया। हादसे के बाद चालक बस समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

कुर्ते पर प्रेस करवाने आए थे डूंगरपुर

कोतवाली थाना के एसआई भरत मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेश (29) पुत्र मणिलाल खटीक निवासी खेरवाड़ा और उसके मामा के लड़के गोपाल खटीक (30) पुत्र रामचंद्र खटीक निवासी सलूंबर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डूंगरपुर के इन्द्रखेत में नरेश के चाचा लक्ष्मण खटीक का निधन हो गया था। दोनों भाई उनके दाह संस्कार में शामिल होने आए थे। सुबह के समय वे शव को पहनाने वाले कुर्ते पर प्रेस करवाने के लिए बाइक से डूंगरपुर शहर आए थे। जब वे वापस लौट रहे थे, तभी मेवाड़ फर्नीचर के सामने यह हादसा हो गया। मृतक नरेश ने बीएससी की थी और फिलहाल अपने पिता के साथ फल-फ्रूट के ठेले पर काम करता था।

घंटों लगा रहा जाम, मोर्चरी में रखवाए शव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस का साइड का हिस्सा बाइक से टकराया था, जिससे बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे। व्यस्त मार्ग होने के कारण दुर्घटना के तुरंत बाद बस स्टैंड से तहसील चौराहा जाने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को दूसरी लेन में डायवर्ट कर जाम खुलवाया। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फरार रोडवेज बस चालक की गिरफ्तारी के लिए रूट और आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय निवासियों ने शहर के भीतर भारी और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने की मांग की है।  

यह भी पढ़ेंः डूंगरपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 10 नए सीआई और 8 एसआई की हुई तैनाती

Related to this topic: