निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की 8 स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।
पटना (बिहार)। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को बिहार विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा करते हुए 23 अक्टूबर को मतदान कराने का कार्यक्रम जारी किया है। आयोग के अनुसार, इन आठों सीटों पर निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। जिन सीटों पर चुनाव होना है उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल और चुनावी तिथियां
आयोग द्वारा जारी बयान के मुताबिक, पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एन. के. यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह तथा सारण शिक्षक से अफाक अहमद का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को की जाएगी और उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान, मतगणना और पूरी चुनाव प्रक्रिया की समय-सीमा
निर्वाचन आयोग की घोषणा के अनुसार, इन सभी सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। आयोग ने जानकारी दी है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक सफलतापूर्वक पूरी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें: प्यूर्तो रिको के प्रमुख अखबार एल नुएवो डिया और प्रिमेरा होरा ने प्रिंट संस्करण बंद करने की घोषणा की