बेतिया जिले के बगहा में अपराधियों ने एक वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर इलाके में सनसनी फैला दी है।
बेतिया (बिहार)। बेतिया जिले के बगहा में अपराधियों ने एक वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर इलाके में सनसनी फैला दी है। नगर थाना क्षेत्र के चखनी राजवटिया पंचायत में आम के बगीचे की रखवाली कर रहे एक वृद्ध का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।
मचान पर रहकर करते थे आम के बगीचे की रखवाली
बगहा नगर थाना क्षेत्र के चखनी राजवटिया पंचायत के वार्ड संख्या-6 में मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने आम के बगीचे में रखवाली कर रहे 60 वर्षीय जीरजोधन साह उर्फ कसईली साह की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक पूर्व मुखिया अजय पांडेय के आम के बगीचे में बने मचान पर रहकर रखवाली करते थे।
सुबह पड़ोसी ने देखा खून से लथपथ शव
आज गुरुवार सुबह पड़ोसी बगीचे के मालिक आलोक मिश्रा जब अपने बगीचे में पहुंचे तो उन्होंने जीरजोधन साह को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद आसपास के लोगों और परिजनों को सूचना दी गई। देखते ही देखते हत्या की खबर पूरे इलाके में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
शरीर पर गहरे जख्म के निशान
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर और नाभि के ऊपर गंभीर कट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मृतक के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं एसडीपीओ निहार भूषण भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की निगरानी की।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान भी शुरू कर दिया गया है। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
बगीचे में सो रहे वृद्ध की निर्मम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हत्या के पीछे की वजह क्या है और इस वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: सोमवारिया बाजार में मेहनताना मांगने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर