दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करोल बाग में करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के नकली स्पेयर पार्ट्स जब्त किए हैं। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोल बाग में चल रहे नकली ऑटो पार्ट्स के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के नकली स्पेयर पार्ट्स जब्त किए हैं। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
राजस्थान के रहने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय भरत और 28 वर्षीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से राजस्थान के बालोतरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में करोल बाग में ही रह रहे थे। इन दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भारी मात्रा में नकली सामान बरामद
एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसआई इंद्रवीर के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने 12 अप्रैल को इलाके में छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में नकली सामान बरामद हुआ, जिसमें क्लच असेंबली, टाइमिंग चेन, ब्रेक पैड, ऑयल सील, फिल्टर, केबल और मोटरसाइकिल ब्रांड के लोगो वाले पैकिंग मटीरियल शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने मौके से पैकिंग मशीनें और एक बारकोड प्रिंटर भी बरामद किया है।
जल्दी पैसा कमाने के लालच में शुरू किया फर्जी धंधा
पूछताछ के दौरान भरत ने बताया कि वह 2024 में दिल्ली आया था। इससे पहले वह जोमैटो में काम करता था, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने नकली स्पेयर पार्ट्स का धंधा शुरू कर दिया। वहीं राजेंद्र सिंह, जो पहले मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज बेचता था, करोल बाग में स्पेयर पार्ट्स के कारोबार में आया था, लेकिन कम मुनाफे के कारण बाद में वह भी नकली सामान के इस अवैध कारोबार में शामिल हो गया। ये आरोपी स्थानीय बाजार में नकली पार्ट्स की सप्लाई कर रहे थे। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और नकली सामान के मुख्य स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-inaugurates-delhi-dehradun-expressway/157457
पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया उद्घाटन