प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

गोंडा में तीन दिन चला बड़ा अभियान

गोंडा में पकड़ाया नकली दवाओं का बड़ा जखीरा: 1.13 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त, 3 गोदाम सील

गोंडा में ड्रग विभाग और पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 3 दिनों तक चली छापेमारी में ₹1.13 करोड़ की नकली व नशीली दवाएं बरामद, 3 अवैध गोदाम सील। एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

गोंडा में पकड़ाया नकली दवाओं का बड़ा जखीरा 113 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त 3 गोदाम सील

Fake Drug Racket Busted in Gonda, ₹1.13 Crore Seized |

गोंडा (उत्तर प्रदेश)। गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नकली, नशीली एवं एलोपैथिक दवाएं बरामद कर तीन अवैध गोदामों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई 16 से 18 जुलाई तक लगातार तीन दिनों तक चली। अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सूचना मिलते ही हुई ताबड़तोड़ छापेमारी

मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त गोपनीय सूचना पर प्रदेश के 9 जनपदों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव क्षेत्र में छापेमारी की। जांच के दौरान बिना लाइसेंस के संचालित तीन गोदामों से भारी मात्रा में ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम टैबलेट, कोडीन फॉस्फेट सिरप, डिपट्राम प्लस, सेम्प्लेक्स प्लस समेत कई प्रतिबंधित एवं मनःप्रभावी दवाएं बरामद हुईं। संचालक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पूरे स्टॉक को सीज कर दिया गया।

109 नमूने जांच को भेजे, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

संयुक्त टीम ने 109 विभिन्न दवाओं के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन फरार है। मामले में थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार नकली और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: बरेली में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 498 किलो एसिटिक एनहाइड्राइड के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

Related to this topic: