मध्य प्रदेश के कटनी जिले में नकली गुटखा बनाने के गोरखधंधे का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कटनी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में नकली गुटखा बनाने के गोरखधंधे का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। माधवनगर थाना पुलिस ने बंगला लाइन इलाके में संचालित अवैध फैक्ट्री पर छापेमार कार्रवाई करते हुए संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गुटखा बनाने की मशीन, भारी मात्रा में तैयार नकली गुटखा, रैपर और अन्य सामग्री जब्त की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नकली गुटखा बनाने का कच्चा माल कानपुर से मंगाया जाता था।
'लहर' ब्रांड के नाम पर चल रहा था खेल
दरअसल, माधवनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंगला लाइन स्थित एक मकान में अवैध रूप से नकली गुटखा तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निलेश पाहुजा के मकान में 'लहर' ब्रांड के नाम से नकली गुटखा तैयार करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
मशीनें, रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद
पुलिस ने मौके से गुटखा बनाने की मशीन, भारी मात्रा में तैयार नकली गुटखा, विभिन्न कंपनियों के रैपर, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी संचालक ने बताया कि नकली गुटखा बनाने के लिए आवश्यक कच्चा माल कानपुर से मंगाया जाता था और यहीं तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जाता था।
कॉपीराइट एक्ट में केस दर्ज, नेटवर्क की जांच तेज
फिलहाल पुलिस ने संचालक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली गुटखे का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: शिवा इंडेन गैस एजेंसी पर खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 15 लाख से अधिक के 608 सिलेंडर जब्त