बेरोजगार युवाओं को ₹25 हजार प्रतिमाह नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क का लाइन बाजार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। बेरोजगार युवाओं को ₹25 हजार प्रतिमाह नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क का लाइन बाजार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना राहुल राजभर समेत संतोष कुमार पटेल, हवलदार पाल, प्रदीप पाल, चंदन दोहरे, तिरोस राजभर और अरविंद राजभर को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके चंगुल से करीब 30 युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया गया।
फर्जी कंपनियों के जरिए फैलाया जाल
पुलिस के अनुसार, आरोपी MS EARTH इंटरप्राइजेज और Royal Health Wellness Private Limited के नाम पर फर्जी कंपनी चलाकर बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर बुलाते थे। ज्वाइनिंग और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ₹30 से ₹35 हजार वसूलने के बाद उन्हें सामान्य किट देकर नेटवर्क में नए लोगों को जोड़ने के लिए दबाव बनाया जाता था।
₹34 करोड़ का लेन-देन का खुलासा, कई सामान बरामद
जांच के दौरान मुख्य आरोपी राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में करीब ₹34 करोड़ के लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक थार, एक बुलेट, एक पल्सर, ₹600 नकद और कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: शाजापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: कालापीपल में 150 लीटर जहरीली स्पिरिट जब्त, शराब माफिया गिरफ्तार