प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बलिया में साइबर ठगों का नया खेल

डिजिटल शादी कार्ड के नाम पर आ रहा खतरनाक APK लिंक, बलिया में दो लोगों के बैंक खाते हुए खाली

बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र में इस जालसाजी ने दो लोगों को अपना शिकार बनाया और उनके खातों से कुल ₹1.87 लाख उड़ा लिए।

डिजिटल शादी कार्ड के नाम पर आ रहा खतरनाक apk लिंक बलिया में दो लोगों के बैंक खाते हुए खाली

Fake Wedding Card APK Link Drains ₹1.87 Lakh from Two Victims in Ballia |

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया में साइबर अपराधियों ने अब आपकी खुशियों में भी जहर घोलना शुरू कर दिया है। शादी-ब्याह के सीजन में साइबर ठगों ने एक नया और खतरनाक तरीका ईजाद किया है। अब डिजिटल वेडिंग कार्ड के नाम पर भेजे जा रहे सन्दिग्ध APK लिंक लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र में इस जालसाजी ने दो लोगों को अपना शिकार बनाया और उनके खातों से कुल ₹1.87 लाख उड़ा लिए।

APK फाइल के जरिए हैक हो रहे फोन

साइबर ठग व्हाट्सएप पर बड़े ही शातिर तरीके से संदेश भेज रहे हैं। संदेश में लिखा होता है 'मेरे भाई की शादी का कार्ड जरूर देखें या विवाह समारोह में आपको सादर आमंत्रण है' साथ मे एक APK फाइल या सन्दिग्ध लिंक जुड़ा है। जैसे ही पीड़ित कार्ड देखने की उत्सुकता में उस फाइल को क्लिक कर डाउनलोड करता है, उसका पूरा मोबाइल फोन हैकरों के नियंत्रण में चला जाता है। पीड़ित को लगता है कि वह कार्ड देख रहा है लेकिन पीछे से ठग उसके मोबाइल के बैंकिंग ऐप, यूपीआई और पासवर्ड का एक्सेस लेकर बैंक खाता खाली कर देते हैं।

बलिया में दो शिकार, ₹1.87 लाख का चूना

पहला मामला सिकंदरपुर के मुड़ियापुर निवासी सिरज्जुद्दीन को शादी का डिजिटल नियंत्रण मिला। फाइल खोलते ही उनके खाते से तीन किश्तों में ₹97472 गायब हो गए। वहीं दूसरा मामला मोहल्ला मिल्की के शकील अहमद के फोन पर भी ऐसा ही एक लिंक आया। लिंक खुलते ही उनका फोन हैक हो गया और उनके खाते से ₹90054 उड़ गए।

पीड़ितों ने सिकंदरपुर थाने में दी तहरीर

पीड़ितों ने सिकंदरपुर थाने में मामले की तहरीर दी है जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वही सिकंदरपुर के क्राईम इंस्पेक्टर चंद्रशेखर यादव ने लोगों को सचेत करते हुए कहा है कि साइबर अपराधी अब पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं का फायदा उठा रहे है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नम्बर से आए APK फाइल या लिंक को कभी न खोलें। डिजिटल कार्ड के नाम पर आए सन्दिग्ध लिंक से सावधान रहें। अपना ओटीपी पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।

पुलिस ने की सावधान रहने की अपील

पुलिस का कहना है कि लोग सतर्क रहे, क्योंकि थोड़ी सी उत्सुकता और असावधानी आपके बैंक खाते को पल भर में खाली कर सकती है। यह घटना इस बात की चेतावनी है कि डिजिटल युग में किसी भी अनजान संदेश पर भरोसा करना अब आपको भारी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर में घुसकर कैशियर पर बरसाईं 13 गोलियां, कैशियर की मौत

Related to this topic: