मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के हलिया थाना क्षेत्र में अदवा नदी में बह जाने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी होते ही पूरे गांव परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी खुर्द गांव में शुक्रवार भोर अदवा बांध पर नदी में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
अचानक आए तेज बहाव में बहा युवक
बताया जा रहा है कि युवक शौच के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अदवा बांध का गेट खोलकर नदी में पानी छोड़े जाने से अचानक तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आने से युवक बह गया।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अहुगी खुर्द गांव निवासी गौरी शंकर का इकलौता पुत्र अंकित कुमार (18) शुक्रवार सुबह करीब चार बजे शौच के लिए अदवा नदी की ओर गया था। इसी दौरान बांध का गेट खोले जाने से नदी में पानी का बहाव बढ़ गया। तेज धारा की चपेट में आने से अंकित बह गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बांध का गेट बंद कराया और नदी में तलाश शुरू की।
घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर मिल शव
घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी किनारे युवक का शव दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
घर का इकलौता बेटा था अंकित
अंकित अपने घर का इकलौता बेटा था और चार बहनों का अकेला भाई था। वह अविवाहित था। उसकी मां शिवकुमारी की करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत से पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की नदी में डूबने से मौत हुई है। शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल