मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। घर में बच्चे के जन्म की खुशी में लड्डू बांटने निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया।
नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। घर में बच्चे के जन्म की खुशी में लड्डू बांटने निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। ट्रक की टक्कर में 9 वर्षीय बच्ची और उसके जीजा की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे के जन्म की खुशी में निकले थे
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय के पास ग्राम खमरिया निवासी नर्मदा प्रसाद धानक के छोटे दामाद हल्के धानक (22) के घर हाल ही में संतान का जन्म हुआ था। इसी खुशी में वह अपने ससुराल खमरिया लड्डू बांटने आए थे। वहीं बड़े दामाद सोमनाथ धानक (22) भी ससुराल में मौजूद थे।
रिश्तेदारों के यहां बांट रहे थे लड्डू
रविवार दोपहर दोनों जीजा अपनी 9 वर्षीय साली मानसी को बाइक पर बैठाकर रिश्तेदारों के घर लड्डू बांटने निकले। सभी जगह लड्डू बांटने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी मूनलाइट गार्डन के पास उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई।
मौके पर मासूम की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया मानसी और उसके बड़े जीजा सोमनाथ के ऊपर से गुजर गया। 9 वर्षीय मानसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रास्ते में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही स्टेशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सोमनाथ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन 108 एंबुलेंस से ले जाते समय गोटेगांव के पास उनकी भी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए गोटेगांव अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया।
एक घायल का इलाज जारी
दुर्घटना में घायल हल्के धानक का इलाज जिला अस्पताल नरसिंहपुर में चल रहा है। उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: नोएडा की 22वीं मंजिल पर भीषण आग, अरण्य सोसाइटी में मचा हड़कंप; CM योगी ने दिए त्वरित राहत के निर्देश