जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में रायखेड़ी धाम में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है।
विदिशा। जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में रायखेड़ी धाम में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस चार बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर करीब 77 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए।
कीमती समान निकाल लिया
जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और सीधे अंदर सो रहे परिवार को बंदूक व अन्य हथियार दिखाकर डरा-धमकाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी व बक्सों में रखा कीमती सामान निकाल लिया।
45 तोला सोना-चांदी के जेवर ले गये
डकैतों ने घर से करीब 45 तोला सोने-चांदी के जेवर और 8 लाख रुपये नकदी लूट लिए। वारदात के दौरान बदमाशों ने घर का सामान बुरी तरह बिखेर दिया, जिससे साफ है कि उन्होंने काफी समय तक घर में रहकर तलाशी ली।
बदमाशों ने चेहरे ढके थे
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाशों के चेहरे ढके हुए थे और वे आपस में इशारों में बात कर रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे पेशेवर अपराधी हो सकते हैं। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही गंजबासौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती और बंधक बनाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/west-delhi-police-raids-325-locations-in-24-hrs-586-arrested/130507
ऑपरेशन कवच: पश्चिमी दिल्ली में 24 घंटे में 325 जगहों पर छापेमारी, 586 गिरफ्तार