फरीदाबाद के सेक्टर 3 में 28 वर्षीय कपड़ा व्यापारी राहुल ने पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इंस्टाग्राम वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर 8 लोगों पर FIR दर्ज।
फरीदाबाद (हरियाणा): फरीदाबाद के सेक्टर 3 में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 28 वर्षीय कपड़ा व्यापारी ने अपनी दुकान में आत्महत्या कर ली। व्यापारी ने खौफनाक कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो और सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें उसने पत्नी और उसके परिवार के सदस्यों पर लगातार प्रताड़ना, मारपीट और अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इंस्टाग्राम वीडियो देखकर भाई को हुआ शक
सेक्टर 3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी राहुल ने करीब एक महीने पहले ही अपनी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर कपड़ों की एक नई दुकान खोली थी। राहुल की शादी साल 2024 में हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। घटना का खुलासा तब हुआ, जब राहुल के भाई अमित ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया गया, एक आखिरी वीडियो देखा। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार के लोग तुरंत नीचे दुकान की तरफ भागे और कांच के दरवाजे तोड़कर अंदर दाखिल हुए, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी।
वीडियो में कहा- 'भगवान जानता है मैं कितना सही हूं'
अपने आखिरी वीडियो में राहुल ने खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा, ''भगवान जानता है कि मैं कितना सही हूँ और वह कितनी सही है।'' इसके साथ ही उसने अपने उत्पीड़कों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। राहुल ने यह भी इच्छा जताई कि उसकी दुकान और संपत्ति केवल उसकी मां और भाई-बहनों को ही मिले।
ससुराल के 8 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज, आरोपी फरार
इस घटना के बाद फरीदाबाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए भारतीय न्याय संहिता के तहत मृतक के ससुराल पक्ष के आठ सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस चौकी प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि राहुल की पत्नी के साथ विवाद के चलते यह कदम उठाया गया है। फिलहाल सभी आठ आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।