बहराइच में मचान बनाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 35 वर्षीय किसान रणवीर की मौत हो गई।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के थारू बाहुल्य गांव बिशुनापुर में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आया किसान
ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी 35 वर्षीय किसान रणवीर वर्ष अपने पिता संतराम के साथ मक्के के खेत में फसल की रखवाली के लिए मचान बना रहा था। इसी दौरान मचान में लगाई जा रही बल्ली ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। करंट की चपेट में आने से रणवीर गंभीर रूप से झुलस गया।
किसान की मौत से पूरे गांव में शोक
चीख पुकार सुनकर मौके पर परिजन पहुंच गये और गंभीर रूप से झुलसे किसान को हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार के दिन हुई किसान की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों से विद्युत लाइन से दूर रहने की अपील
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांवों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की स्थिति की जांच कराने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों को भी विद्युत लाइन के आसपास देखभाल करने हैं और उनसे उचित दूरी बनाने को बोला गया है।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर योगी सरकार की मुफ्त बस सेवा का बड़ा लाभ, पहले दिन 9.26 लाख यात्रियों ने किया निशुल्क सफर