फतेहपुर में सोशल मीडिया पर तमंचा लहराते हुए डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराते हुए डांस का वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने वाले युवक को बिंदकी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
वीडियो की जांच में हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक नीरज कुमार मौर्य ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के संबंध में थाना बिंदकी में तहरीर दी थी। वीडियो में एक युवक अवैध तमंचा लहराते हुए डांस करता दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन रहा था। जांच में युवक की पहचान अभय द्विवेदी (20 वर्ष), निवासी ग्राम दरवेशपुर, मिलकिखेड़ा, थाना बिंदकी के रूप में हुई।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
तहरीर के आधार पर थाना बिंदकी में मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
यह कार्रवाई उपनिरीक्षक अमरनाथ मौर्य के नेतृत्व में कांस्टेबल राहुल कुमार, रामकुमार और आरक्षी आकाश सिंह की टीम ने की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: बरेली में जुए की अड्डा पर पुलिस का छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार और 24 हजार से ज्यादा नकदी बरामद