पेंड्रा में तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग फिर तेज हो गई।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। जिले के पेंड्रा नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद एक बार फिर पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग तेज हो गई है।
स्कूटी सवार परिवार को ट्रेलर ने रौंदा
पेंड्रा नगर के राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पिता तेरस भरिया और उनके पुत्र की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, कुडकई गांव निवासी तेरस भरिया अपने परिवार के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ रहा था और उसी समय कोयले से भरा ट्रेलर ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
चालक गिरफ्तार, ट्रेलर जब्त
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया। इधर, लोगों ने ट्रेलर को शिशु मंदिर के पास रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद फिर तेज हुई पेंड्रा बाईपास की मांग
इस हादसे के बाद एक बार फिर पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास नहीं बनने के कारण रोजाना भारी वाहन नगर के बीच से गुजरते हैं, जिससे लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इसी मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नेतृत्व में 10 जुलाई से क्रमिक भूख हड़ताल और जनआंदोलन जारी है। आंदोलनकारी वर्षों पहले स्वीकृत 13 किलोमीटर लंबे पेंड्रा बाईपास का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं। पेंड्रा बाईपास का मुद्दा अब छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंच चुका है। तखतपुर विधायक ठाकुर धरमजीत सिंह ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार के समक्ष रखा।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से इडली विक्रेता की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 2 घंटे तक सड़क जाम