मरवाही वनमंडल अंतर्गत पिपरिया गांव से लगे जंगल में एक मादा भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। जिले के मरवाही वनमंडल अंतर्गत पिपरिया गांव से लगे जंगल में एक मादा भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। जब ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में भालू का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर कराया पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृत मादा भालू की उम्र लगभग 5 वर्ष बताई जा रही है। वन विभाग ने शव का पंचनामा और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया।
तेज लू और हीट स्ट्रोक बनी मौत की वजह
मरवाही वनमंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चांद के अनुसार प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मादा भालू की मौत का कारण भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक सामने आया है। क्षेत्र में लगातार पड़ रही तेज गर्मी और लू के चलते वन्यजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) की उपस्थिति में वन विभाग द्वारा मृत मादा भालू का अंतिम संस्कार कराया गया। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
वन अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में जंगलों में जलस्रोतों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा वन्यजीवों के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की निगरानी कर रही है और वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग के समर्थन में सर्व समाज का शक्ति प्रदर्शन, निलंबन रद्द करने की मांग