असम के डिब्रूगढ़ में ऑयल इंडिया की फैसिलिटी में धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुए हैं।
डिब्रूगढ़ (असम)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के तेंगाखत में ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (ITF) में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। कंपनी के अनुसार, इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार सुबह फैसिलिटी में तकनीकी काम के दौरान हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कच्चे तेल के स्टोरेज सेक्शन में एक वाल्व को ऑपरेट करते समय धमाका हुआ। इसके बाद परिसर में आग फैल गई।
नियमित तकनीकी काम के दौरान हुआ हादसा
यह घटना फैसिलिटी में मशीनों के नियमित रखरखाव के दौरान हुई। स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर कमल फुकन ने पहले ANI को बताया था कि हादसे में करीब पांच कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (AMCH) में भर्ती कराया गया है। उस समय उन्होंने किसी कर्मचारी की मौत की जानकारी होने से इनकार किया था।
छह घायल कर्मचारियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
कमल फुकन ने बाद में बताया कि हादसा मशीनों की नियमित सर्विसिंग के दौरान हुआ। उन्होंने कहा, "आज एक नियमित काम चल रहा था, जो हमें करना ही होता है। वहां एक मशीन थी जिसकी हर महीने या तिमाही सर्विसिंग होती है। इसी दौरान एक हादसा हो गया। 5 लोग असम मेडिकल कॉलेज में हैं, एक व्यक्ति ऑयल मेडिकल कॉलेज में है, और एक व्यक्ति अभी तक नहीं मिला है। हमारी विशेष टीम उसे खोजने के लिए काम कर रही है।"
घायल कर्मचारियों की हुई पहचान
हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान तापस गोगोई (40), शैलेन गोगोई (45), कुमुद गोगोई (38), गोलाप दत्ता (58) और इंद्र गोगोई (40) के रूप में हुई है। तापस गोगोई डिब्रूगढ़ के मिलन नगर के रहने वाले हैं, जबकि अन्य चार कर्मचारी तेंगाखत के निवासी हैं। पांच घायलों को असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जबकि एक अन्य घायल को ऑयल इंडिया अस्पताल ले जाया गया।
मुंबई की कंपनी के कर्मचारी थे हादसे के शिकार
बताया जा रहा है कि हादसे में प्रभावित कर्मचारी मुंबई की स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े थे। इस कंपनी को ऑयल इंडिया लिमिटेड ने संबंधित फैसिलिटी में काम करने के लिए नियुक्त किया था। हादसे के बाद कंपनी की विशेष टीम लापता कर्मचारी की तलाश में जुटी थी। बाद में कंपनी की ओर से एक कर्मचारी की मौत की जानकारी सामने आई।
धमाके और आग के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फैसिलिटी में धमाका और आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती रिपोर्टों में क्रूड ऑयल स्टोरेज सेक्शन में वाल्व ऑपरेट करने के दौरान विस्फोट की बात कही गई है। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं और एक कर्मचारी की मौत हुई है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: असम में 1 लाख से अधिक अमूर फाल्कन की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला, बसेरों के आसपास बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर रोक