रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में फैक्ट्री मालिक आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान झुलस गए हैं।
रायपुर (छत्तीसगढ़)। रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में फैक्ट्री मालिक आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान झुलस गए हैं। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य जारी है।
पेंट के कुछ डिब्बो में हो रहे थे धमाके
सिलतरा फायर ब्रिगेड के कमलजीत सिंह ने बताया कि प्लास्टिक फैक्ट्री में पेंट के कुछ डिब्बे रखे हुए थे जिनमें धमाके हो रहे थे। उन्होंने कहा कि, "हमने उस हिस्से पर नियंत्रण पा लिया है और अब धमाके रुक गए हैं। फिलहाल आग बुझाने के बाद कूलिंग प्रक्रिया और अन्य चीजों पर ध्यान दिया जा रहा है।" उन्होंने जानकारी दी कि फैक्ट्री मालिक का हाथ आग बुझाने के दौरान जल गया है। हालांकि इसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।
बिल्डिंग को कराया गया खाली
रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान ने पुष्टि की कि फायर ब्रिगेड की टीमों ने बिल्डिंग को खाली करा लिया है और आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि आग पिछले एक घंटे से लगी हुई थी लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। दीवान के अनुसार, आग का कुछ हिस्सा अभी बाकी है जिसे जल्द ही बुझा लिया जाएगा।
आग लगने के कारण अज्ञात
घटना स्थल पर दमकल की चार गाड़ियां और एक पानी का टैंकर लगातार काम कर रहे हैं। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। सुरक्षा के लिहाज से सभी एहतियात बरते जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि कोई भी व्यक्ति अंदर नहीं फंसा है और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अगले 20 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/us-shifted-from-managing-worlds-energy-to-disruption-irgc/181287
दुनिया के ऊर्जा प्रबंधन से हटकर अब व्यवधान पर उतरा अमेरिका: आईआरजीसी