उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 22वीं मंजिल पर सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 22वीं मंजिल पर सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां, गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) और सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
फिलहाल जनहानि की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और प्रशासन को हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
फायर सेफ्टी पर फिर उठे सवाल
हाल के दिनों में नोएडा और एनसीआर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच इस हादसे ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी इमारतों में फायर सेफ्टी सिस्टम का नियमित ऑडिट और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़े: कोलकाता में वार्ड पार्षद गिरफ्तार, 70 लाख की जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी का आरोप