प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दोनों गांवों के बीच तनाव की स्थिति

मध्य प्रदेश: मछुआ समिति पर पट्टे से अधिक जमीन, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

ग्रामीणों ने दावा किया कि इस गतिविधि के चलते करीब 65 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि इससे ग्रामीणों को अपनी कृषि भूमि को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मध्य प्रदेश मछुआ समिति पर पट्टे से अधिक जमीन ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

शिवपुरी। कलेक्टर की जनसुनवाई में दतिया जिले के ग्राम गरेगा के ग्रामीणों ने ग्राम अलगई की मछुआ समिति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मछुआ समिति द्वारा पट्टे में निर्धारित जमीन की सीमा से बाहर जाकर कार्य किया जा रहा है, जिससे उनकी कृषि भूमि के साथ-साथ शासकीय भूमि भी प्रभावित हो रही है।

65 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो रही

ग्रामीणों के अनुसार मछुआ समिति को जिस क्षेत्र में कार्य करने की अनुमति दी गई है, उसके अलावा आसपास की जमीन को भी प्रभावित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि इस गतिविधि के चलते करीब 65 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि इससे ग्रामीणों को अपनी कृषि भूमि को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दोनों गांवों के बीच तनाव की स्थिति

ग्रामीणों ने बताया कि जमीन को लेकर गरेगा और अलगई गांव के लोगों के बीच तनाव की स्थिति भी बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं की गई तो विवाद और बढ़ सकता है।

पट्टे की सीमा तय करने की मांग

ग्रामीणों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मौके का सीमांकन और जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि मछुआ समिति को कितनी भूमि का पट्टा दिया गया है और वर्तमान में कितनी भूमि प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मछुआ समिति को पट्टे की निर्धारित सीमा के भीतर ही कार्य करने के निर्देश देने तथा नियमों के विपरीत भूमि प्रभावित किए जाने की स्थिति में उचित कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ेंः   सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में SIR ट्रिब्यूनल द्वारा निपटाए गए अपीलों पर ECI मांगा डेटा

Related to this topic: