प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दो कारों की टक्कर, 5 घायल

वाराणसी में दो कारों की भीषण टक्कर, पांच लोग गंभीर घायल

वाराणसी के हरहुआ रिंग रोड पर दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वाराणसी में दो कारों की भीषण टक्कर पांच लोग गंभीर घायल

Five Seriously Injured in Head-On Collision Between Two Cars in Varanasi |

वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक कार करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ

जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब दो बजे हरहुआ रिंग रोड चौराहे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश नंबर की एक कार विपरीत दिशा से रिंग रोड की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही वाराणसी नंबर की कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार

इस हादसे में लोहता निवासी प्रशांत कुमार शाह, मंडुआडीह निवासी यथार्थ गोस्वामी, सुंदरपुर निवासी मनीष पांडे तथा मिर्जापुर के कोतवाली क्षेत्र निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

 राहत-बचाव कार्य शुरू

सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे दोनों कारों के मलबे को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए रिंग रोड पर आवागमन प्रभावित रहा।

हालत गंभीर होने के कारण बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों कारों के एयरबैग समय पर खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।

क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः बेतिया में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, खूनी झड़प में पांच घायल

Related to this topic: