खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवा इंडेन गैस एजेंसी में औचक छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के साथ ही नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।
खैरागढ़ (छतीसगढ़)। खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवा इंडेन गैस एजेंसी में औचक छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के साथ ही नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। टीम ने मौके से 175 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर, 13 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 420 खाली घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए।
नियमों की अनदेखी पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एक्शन
जब्त सिलेंडरों की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 89 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य अधिकारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जांच टीम ने गैस एजेंसी के गोदाम और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड में भारी अनियमितता, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और सिलेंडरों के भंडारण संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद टीम ने बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की।
कालाबाजारी के खिलाफ विभाग की सख्त चेतावनी
खाद्य विभाग ने गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ जब्तीनामा तैयार कर प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी और अवैध भंडारण के मामलों में जिलेभर में लगातार औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को अदालत ने ठहराया दोषी, जुर्माने के साथ सुनाई सजा