MP News : भोपाल। जन्मदिन की पार्टी से लौटते समय तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के दो वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के बच्चों की मौत हो गई।
MP News : भोपाल। जन्मदिन की पार्टी से लौटते समय तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के दो वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के बच्चों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह इंदौर में तेज रफ्तार कार के एक ट्रक से टकरा जाने से तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों में प्रेरणा बच्चन (26) शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी थीं। इसके अलावा प्रखर कासलीवाल, जो कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे थे, की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रखर कासलीवाल ही कार चला रहे थे और संभव है कि वह शराब के नशे में थे।
डिप्टी पुलिस कमिश्नर कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि चारों युवक-युवतियां महू में प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाने के बाद लौट रहे थे, तभी सुबह करीब 5:15 बजे उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई।
यह हादसा रालामंडल के पास तेजाजी नगर बायपास पर हुआ। कार (टाटा नेक्सॉन) इतनी तेज गति से एक खड़े ट्रक से टकराई कि उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
कार में सवार चार लोग—प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, माना संधू और अनुष्का राठी—इस हादसे का शिकार हुए। पुलिस के अनुसार, हादसे में प्रेरणा, प्रखर और माना संधू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का राठी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए इसे “अत्यंत हृदयविदारक” बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायल अनुष्का राठी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/akhilesh-yadav-statement-voter-list-should-be-linked-with-aadhar/104353