बैतूल के कमानी गेट से लेकर परासिया तक मिनी स्टेट हाईवे पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
बैतूल {मध्यप्रदेश}। बैतूल के कमानी गेट से लेकर परासिया तक मिनी स्टेट हाईवे पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
जय स्तंभ चौक के पास दर्दनाक हादसा
रविवार रात करीब 10 बजे सारनी के जय स्तंभ चौक के पास एक तेज रफ्तार बल्कर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मौके पर ही युवक की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाई ऐश से भरे बल्कर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सारनी के ओल्ड एफ निवासी संजय निरापुरे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सारनी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हर पहलू से हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। मामला दर्ज कर विवेचना जारी है। बताया जाता है कि पिछले दो दिनों के भीतर इस मिनी स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं से सारनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल है।
सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए बिना इन हादसों पर रोक लगाना मुश्किल होगा।
यह भी पढ़े: बाराबंकी में सरकारी सहायक अध्यापक का शव फंदे से लटका मिला, परिवार में मचा कोहराम